बांदा। कोडीनयुक्त सिरप के अवैध कारोबार की जांच कर रही बांदा पुलिस की टीम तीसरे दिन शुक्रवार को भी हमीरपुर में डटी रही। पुलिस के निशाने पर अब रवींद्र गुप्ता है और उसकी तलाश में छापेमारी जारी है।
हमीरपुर के टेढ़ा कस्बा निवासी रवींद्र गुप्ता की फर्म ओम मेडिकल एजेंसी का प्रयोग कोडीनयुक्त सिरप की खरीद-फरोख्त में किया गया था। रवींद्र की तलाश के साथ ही टीम यह पता लगाने में जुटी है कि फर्म के जरिए किन लोगों से कारोबार किया गया, कौन-कौन सी दवाएं मंगाई गईं और उनका वितरण किन-किन दुकानदारों के यहां हुआ है और उन्हें भी चिह्नित भी किया जा रहा है।
इसके अलावा फर्म से जुड़े अभिलेखों और रुपयों के लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि पुलिस टीम हमीरपुर में है और रवींद्र की तलाश कर रही है। प्रकरण में शामिल चार प्रमुख आरोपियों प्रियांशू गुप्ता, रोहित पांडेय, प्रवीण गुप्ता और एक अन्य को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। रवींद्र गुप्ता, प्रियांशू गुप्ता का जीजा है।