बांदा। कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जनपद स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। टीम में अध्यक्ष और सदस्य शामिल हैं। यह विभिन्न क्षेत्रों में कोविड से संबंधित व्यवस्थाएं देखेंगे। जिलाधिकारी ने जनपद में कुल 9 टीमें गठित की हैं।
अध्यक्ष मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एनडी शर्मा व सदस्य जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.आरएन प्रसाद सरकारी और निजी चिकित्सालयों में आईसीयू व आक्सीजन युक्त बेड्स की व्यवस्था सहित वैक्सीनेशन की निगरानी करेंगे। दूसरी टीम के अध्यक्ष राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डा.मुकेश यादव व सदस्य मुख्य चिकित्साधीक्षक (संयुक्त मंडलीय चिकित्सालय) कोरोना संक्रमितों के इलाज व चिकित्सीय व्यवस्थाएं देखेंगे। सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा, एसडीएम सुरभि शर्मा, सरकारी एबुंलेंस प्रबंधक उमेश द्विवेदी इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल रूम की व्यवस्था व समीक्षा करेंगे। एबुंलेंस सेवा मजबूत करेंगे। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एमसी पाल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी व जिला आयुवेर्दिक एवं यूनानी अधिकारी बेड्स संख्या बढ़ाने, होम क्वारंटीन मरीजों की व्यवस्था व उन्हें मेडिकल किट उपलब्ध कराएंगे।
डीएम आनंद कुमार सिंह ने कहा कि टीम अध्यक्ष जरूरत के मुताबिक समिति में अन्य अधिकारी व विशेषज्ञ को सदस्य के रूप में शामिल कर सकते हैं। निर्देश दिए कंट्रोल रूम नोडल अधिकारी होम क्वारंटीन तथा अस्पतालों में भर्ती मरीजों से प्रतिदिन बात करेंगे। कोई कमी होने पर तुरंत संबंधित अधिकारी व सीएमओ को अवगत कराएं।
------------
इनसेट
------------
किसानों का समय से हो भुगतान
बांदा। गेहूं खरीद निगरानी के लिए गठित टीम के अध्यक्ष अपर जिलाधिकारी नियुक्त किए गए। सदस्यों में जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी व ड्रग इंस्पेक्टर शामिल हैं। डीएम ने टीम को निर्देश दिया है कि गेहूं खरीद की व्यवस्था पर नजर रखें। किसानों को समय से भुगतान कराएं। समय से खाद-बीज उपलब्ध कराएं। गो आश्रय स्थलों में भूसे, चारे आदि की व्यवस्था कराएंगे।
-----------
इनसेट
---------
प्रवासी कामगारों की जांच जरूरी
बांदा। अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) व एआरटीओ जनपद में आक्सीजन की समुचित व समय से व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। शासन तथा आपूर्तिकर्ताओं एवं ट्रांसपोर्टरों से समन्वय स्थापित करेंगे। अध्यक्ष परियोजना निदेशक (डीआरडीए) व सदस्य डॉ.एमसी पाल प्रवासी कामगारों के जनपद में आने पर रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों में उनकी जांच और क्वारंटीन की व्यवस्था कराएंगे।
---------------
इनसेट
-----------
साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से पालन कराएं
बांदा। डीएम आनंद कुमार सिंह ने निर्देश दिए हैं कि नगर मजिस्ट्रेट और एसडीएम, सीओ व नगर पालिका व नगर पंचायतों के ईओ, जेलर कंटेनमेंट जोन में प्रभावी व्यवस्था लागू करें। बगैर मास्क वालों पर कार्रवाई की जाए। साप्ताहिक बंदी का कड़ाई से अनुपालन हो। नगरीय क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन की व्यवस्था कराएं और निगरानी समितियों की समीक्षा की जाए। डीसी मनरेगा व बीडीओ क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम को नियमित लागू कराने और जिला कारागार में सफाई व पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
---------