तेज रफ्तार से भाग रही कार ने स्कूटी को जबरदस्त टक्कर मार दी। स्कूटी पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक को नाजुक हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया।
उधर, सवारियों से भरा टेंपो पलट जाने से उस पर सवार 15 यात्री जख्मी हो गए। भाई-बहन समेत चार को नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
शहर के चौधरी नगर मोहल्ला निवासी तुषार सिंह (19) पुत्र बृजेंद्र सिंह गौतम और उसका साथी तेजस्वी शुक्ला (18) शुक्रवार को शाम स्कूटी पर कचहरी ओवरब्रिज से होते हुए चिल्ला चौराहे की ओर जा रहे थे। तभी पुलिस अधीक्षक आवास से कुछ पहले चिल्ला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी पर जोरदार टक्कर मार दी।
स्कूटी चला रहा तुषार और पीछे बैठा तेजस्वी बुरी तरह जख्मी हो गए। स्कूटी चकनाचूर हो गई। चालक कार लेकर भाग निकला। राहगीरों ने दोनों युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। तुषार को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया।
उधर, शुक्रवार को दोपहर गिरवां से सवारियां भरकर बांदा आ रहा टेंपो तिंदवारा गांव के नजदीक सड़क पार कर रहे बच्चे को बचाने के प्रयास में पलट गया। उस पर सवार चालक समेत 15 यात्री घायल हो गए।
गंभीर चोंटे आने पार गिरवां निवासी सरस्वती देवी (35) और उसका भाई अमर सिंह (30), रज्जाक (41) व मोहम्मद तस्लीम (24) निवासी किस्मतगंज (बिहार) को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
अन्य घटना में गुरेह गांव निवासी नवीन (24) व चूनी (28) शुक्रवार को दोपहर बाइक पर शहर से गांव जाते समय चमरौटी चौराहे के पास गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।