सीडीओ को उनके कक्ष मेें घेरे अतर्रा डिग्री कालेज के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित छात्रों का गुस्सा थम नहीं रहा है। कृषि विश्वविद्यालय के बाद अब अतर्रा महाविद्यालय के छात्रों ने विकास भवन में हंगामा काटा। सीडीओ का घेराव कर शुल्क प्रतिपूर्ति दिलाने की मांग की। कोतवाली पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को डरा-धमकाकर शांत कराया।
छात्र नेता नीरज द्विवेदी की अगुवाई में अतर्रा महाविद्यालय से आए सैकड़ा भर छात्रों ने सोमवार को विकास भवन में सीडीओ का घेराव कर नारे लगाए। कहा कि अतर्रा डिग्री कॉलेज में सैकड़ों छात्रों की शुल्क प्रतिपूर्ति अभी तक नहीं मिली है।
कॉलेज प्रशासन और समाज कल्याण विभाग एक दूसरे की गलतियां बताकर उन्हें चक्कर कटवा रहा है। बुंदेलखंड में उनके अभिभावक तीन साल से दैवीय आपदा झेल रहे हैं। कर्ज लेकर कॉलेज की शुल्क जमा की थी। शुल्क प्रतिपूर्ति न दिए जाने से वह कर्ज नहीं भर पा रहे हैं।
अधिकारियों की सूचना पर कोतवाली प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ विकास भवन आ गए और हंगामा कर रहे छात्रों को डरा-धमकाकर शांत कराया। सीडीओ व समाज कल्याण अधिकारी ने फोन से लखनऊ में उच्चाधिकारियों से बात की। छात्रों को शुल्क प्रतिपूर्ति शीघ्र दिलाने का भरोसा दिया। छात्र राजीव लोचन त्रिपाठी, नीरज मिश्रा, शिवजीत सिंह इत्यादि मौजूद रहे।