फोटो-18-विद्यालय परिसर में भरा चार फीट पानी। संवाद
तिंदवारी (बांदा)। तीन दिन की तेज बारिश के बाद प्राथमिक विद्यालय सोनरही में परिसर से लेकर कक्षाओं और रसोई तक पानी भर गया। अब बच्चे गांव के पूर्व प्रधान के घर के बरामदे में बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल की रसोई में भी पानी भरा होने से मध्याह्न भोजन भी इसी घर में बनाया जा रहा है।
विद्यालय में जलभराव की समस्या हर बारिश में होती है। इस बार पानी अधिक भरने से शिक्षक और बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया। प्रधानाध्यापक अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि समस्या के बारे में विभाग को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया गया है। पिछले साल पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाला गया था। इस बार जलभराव अधिक है। यहां करीब 40 बच्चे पंजीकृत हैं।
उधर, पूर्व प्रधान प्रकाश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो इसलिए उन्होंने अपना घर शिक्षकों को कक्षाएं संचालित करने के लिए दिया है। समस्या दूर होने तक यहीं कक्षाएं चलेंगी। बच्चों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है।
कक्षा तीन के सौरभ ने बताया कि स्कूल में कमर तक पानी भर गया है। प्रेम ने कहा कि एक सितंबर से जलभराव की समस्या बनी है। कक्षा पांच की अनामिका और पलक ने बताया कि कमरों में भी पानी भरने से गांव के घर में पढ़ाई करनी पड़ रही है। रसोइया प्रभा ने बताया कि स्कूल में पानी भरा होने के कारण घर में ही मध्याह्न भोजन बनाया जा रहा है।
वर्जन
तिंदवारी क्षेत्र के पांच विद्यालयों में जलभराव की समस्या की जानकारी प्राप्त हुई है। जलभराव वाले विद्यालयों के बच्चों को अवकाश दिया गया है। शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि स्कूल में रहकर स्कूली कामकाज निपटाएं। इसके साथ ही कुछ स्कूली बच्चों को नजदीकी विद्यालय में शिफ्ट किया गया है।
-आभा, खंड शिक्षाधिकारी तिंदवारी।
फोटो-18-विद्यालय परिसर में भरा चार फीट पानी। संवाद