बांदा। मायके से साथ लेकर आई जहर युवती ने बृहस्पतिवार की रात ससुराल में खाकर आत्महत्या कर ली। परिजन घटना का स्पष्ट कारण नहीं बता सके। दो साल पहले ही युवती की शादी हुई थी। डाक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। उधर, अलग-अलग घटनाओं में युवती और युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के हस्तम गांव में रामदुलारे की पत्नी केता (22) ने बृहस्पतिवार की रात कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों को जानकारी हुई और जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के वक्त पति कमरे में सो रहा था। पोस्टमार्टम हाउस में देवर श्याम ने बताया कि अस्पताल लाते समय मृत्यु से पूर्व भाभी केता ने बताया था कि वह मायके से जहर लेकर आई थी। एक सप्ताह पूर्व ही केता मायके से ससुराल लौटी थी। बताया कि घटना से पूर्व शाम को उसने खाना बनाकर पूरे घर को खिलाया था। पति मजदूरी करता है। दो साल पूर्व शादी हुई थी। कोई संतान नहीं है।
मृतका के पिता तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौंसड़ निवासी भइयालाल का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद वह अगली कार्रवाई करेगा। उसने मायके से साथ जहर लाने की बात गलत बताई है। उधर, पैलानी थाना क्षेत्र के अलोना गांव में ललिता और बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पड़नी गांव में राम प्रकाश अपने-अपने घरों में जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की वजह परिजन स्पष्ट नहीं कर सके।