बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में तैनात सफाई कर्मी ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। वह कालिंजर के गांव तरहटी का रहने वाला था। उसका शव रेल ट्रैक पर पड़ा पाया गया। घटना के पीछे परिजन पति-पत्नी का आपसी विवाद बता रहे हैं।
कालिंजर थाना क्षेत्र के गांव तरहटी निवासी सरोज ने बताया कि उसका भतीजा अजय कुमार (38) ने रात में बड़ोखर बाईपास के पास रेल ट्रैक से कटकर जान दे दी। बताया कि अजय अपनी पत्नी कीर्ति व दो पुत्रियाें और एक पुत्र के साथ बांदा के नवाब टैंक के पास वसुंधरा नगर में किराये का कमरा लेकर रहता था।
वह मेडिकल कॉलेज में सफाई कर्मी था। वह नशे का भी आदी था। बताया जा रहा है कि रात में वह मेडिकल कॉलेज में था। वहां उसने अपनी तबीयत खराब होने की बात कहकर पत्नी को फोन करके बुलाया था लेकिन पत्नी के न आने से उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि रात में पति-पत्नी का आपसी विवाद हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।