बांदा। कमासिन क्षेत्र के खेड़ा चौराहे पर सड़क पर फैली बालू से हादसों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि चरका बालू खनन से जुड़े वाहनों के आवागमन से सड़क पर बालू जमा हो गई है। इससे दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा है। वहीं, उड़ती धूल से आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।
मनजीत यादव, राजकिशोर और महेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क पर बालू और धूल से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। यह मार्ग बांदा, फतेहपुर, प्रयागराज, राजापुर, बिसंडा और बबेरू सहित कई क्षेत्रों को जोड़ता है। इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर जमा बालू दुर्घटना का कारण बन सकती है।
मानवाधिकार फोरम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके प्रजापति ने भी समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है। गंगा समग्र कानपुर प्रांत के कमासिन ब्लॉक अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने जिलाधिकारी से सड़क से बालू और मिट्टी हटवाने और आवागमन सुचारु कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की भी मांग की।