फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साढ़े चार रुपये की बालू 35 रुपये में

Sun, 25 Nov 2018 11:45 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, बांदा
विज्ञापन
दिन-रात खदानों से बालू ढो रहे ट्रक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

साढ़े चार रुपये प्रति घन फीट रायल्टी दर की बालू बांदा में ही 32 से 35 रुपये घन फीट बिक रही है। रॉयल्टी से आठ गुना महंगी होने के बाद भी खनिज विभाग और खदानों के ठेकेदार बालू सस्ती बता रहे हैं। बालू की खदानों वाले बांदा जिले के बाशिंदों को अपनी ही धरती की खनिज में ठगा जाना नागवार गुजर रहा है। इसी वर्ष की शुरुआत में चित्रकूटधाम मंडल के भ्रमण में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने घोषणा की थी कि बालू के दाम धरातल पर आएंगे। 

विज्ञापन


बांदा जिले तकरीबन 10 खदानें पट्टे पर चल रही हैं। इनमें रात-दिन वैध और अवैध हो रहे खनन से निकाली जा रही बेतहाशा बालू प्रदेश के विभिन्न जिलों को जा रही है। महानगरों में इसके भाव मनमाने हैं। खदानों वाले जिले बांदा में भी बालू ठेकेदार और खनिज विभाग मिलकर आम आदमी को 8 से 10 गुना महंगी बालू मुहैया करा रहा है।

सरकार द्वारा बालू रॉयल्टी की दर 150 रुपये प्रति घन मीटर (33 घन फीट) निर्धारित है, लेकिन बालू माफियाओं और बाहरी कंपनियों की होड़ में कुछ खदानें एक हजार रुपये से अधिक घन मीटर रॉयल्टी पर दी गई हैं। आम उपभोक्ता को जब सरकार ने रॉयल्टी में ठगा तो बालू ठेकेदार अपनी जेबें भरने में भला कैसे चूकते। मौजूदा समय में शासन स्तर पर दावा किया जा रहा है कि बालू की दरें बहुत कम हो गई हैं, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि अभी भी खनिज संपदा में मनमानी कमाई की होड़ मची है। 
विज्ञापन


एक घन मीटर में 33 घन फीट होते हैं। एक घन मीटर की सरकारी रॉयल्टी 150 रुपये है। यानी साढ़े 4 रुपये प्रति घन फीट। दूसरी तरफ बांदा में ही ट्रक या ट्रैक्टर से बालू खरीदने पर 32 से 35 रुपये प्रति घन फीट के दाम वसूले जा रहे हैं। ट्रैक्टर ट्राली कम से कम 3500 रुपये में मिल रही है। इसमें बमुुश्किल 90 घन फीट बालू होती है। उधर, पड़ोसी महानगरों कानपुर, लखनऊ आदि में यहां से जा रही बालू में और लूट मची है। 50 से 60 हजार रुपये के बीच ट्रक मिल रहा है।  

उपभोक्ता को ठगने के साथ रॉयल्टी को भी चूना 
बालू के कारोबार में आम उपभोक्ता को ठगने के साथ सरकार के खजाने को भी चूना लगाया जा रहा है। रॉयल्टी में खुली चोरी हो रही है। निर्धारित क्षमता (मानक) से डेढ़ और दोगुना अधिक लोड कर रॉयल्टी मानक के मुताबिक काटी जा रही है।

उदाहरण के लिए 10 टायरा ट्रक में 9 घन मीटर की रायल्टी कट रही है। लोड दोगुना ज्यादा 18 घन मीटर हो रहा है। 12 टायरा में 14 घन मीटर की रायल्टी दिखाकर 24 घन मीटर लोडिंग की जा रही है। 14 टायरा ट्रक में भी 14 घन मीटर की रायल्टी अदाकर 28 घन मीटर बालू ढोई जा रही है। हर ट्रक में लगभग डेढ़ से दो हजार रुपये की रायल्टी का चूना लग रहा है। 
विज्ञापन

बांदा की बालू खदानें और ठेके की दर प्रति घन मीटर (रुपये में)   
1. अतीक उल्ला (हथौरा) सिंधनकलां    721 रुपये 
2. आशीष इंटरप्राइजेज (झांसी) दुरेड़ी    - 
3. पीके ट्रेडर्स (बांदा) रिसौरा    613 रुपये 
4. जय अंबे कांस्ट्रक्शन (मुरैना) सादीमदनपुर    498 रुपये 
5. इंदौर प्रापर्टी प्रा.लि. (इंदौर) कोलावल रायपुर    431 रुपये 
6. रंजीत सिंह (झांसी) सादीमदनपुर    1020 रुपये 
7. स्टारनेट मार्केटिंग, कोलकाता कोलावलरायपुर    376 रुपये 
8. डिजियाना माइनिंग (इंदौर) भदावल    497 रुपये 
9. डिजियाना माइनिंग (इंदौर) लोहरा    452 रुपये 
10. इंदौर प्रापर्टी (इंदौर) बदौसा    706 रुपये 
 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें