बांदा। सड़क हादसों में 10 राहगीर घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। बदौसा थाना क्षेत्र के शाहपुर सानी गांव निवासी लवलेश (30) पुत्र सुदिन प्रसाद सोमवार को सुबह बाइक पर ओरन जा रहा था। बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन ग्रामीण पुरवा के पास मवेशी से टकराकर घायल हो गया।
अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के डभनी गांव निवासी कमलचंद्र (28) पुत्र शिव प्रसाद अपने मौसेरे भाई राजेश (24) पुत्र शिवभूषण (डभनी) के साथ रविवार की रात बाइक पर घर आते समय गांव के नजदीक बाइक फिसल जाने से गिरकर घायल हो गया।
गिरवां थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी विक्रम (22) पुत्र संतोष बहन सीमा (8) व भाई सुनील (6) के साथ सोमवार को सुबह साइकिल पर बरेंहडा गांव जा रहा था। सामने से आ रही मारुति की टक्कर से तीनों घायल हो गए।
उधर, छतरपुर जिले के बरुआ गांव निवासी बद्री प्रसाद (25) पुत्र जगमोहन रविवार की रात बाइक पर यहां आते समय मटौंध थाना क्षेत्र के एनएच तिराहे पर गिरकर घायल हो गया। बिसंडा थाना क्षेत्र के बल्लान गांव निवासी मोहम्मद रफीक (30) पुत्र नत्थू खां अपने दोस्त रज्जू (20) के साथ बाइक पर गांव जाते समय चौसड़ (बिसंडा) गांव के पास बाइक से गिरकर घायल हो गए।
उधर, मटौंध थाना क्षेत्र के बोधी पुरवा निवासी मुलिया (70) पत्नी गोरवा सोमवार को सुबह गांव से पैदल आते समय मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ गांव के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गई।