नहर में गिरा ट्रैक्टर निकलाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नहर पटरी से गुजरते समय ट्रैक्टर पलटकर नहर के पानी में गिर गया। उस पर बैठे युवक की दबकर मौत हो गई। चालक बचकर भाग निकला। एक अन्य घटना में ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। बाइक सवार मां-बेटे घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
गिरवां थाना क्षेत्र के शिवहद गांव का देवनाथ अवस्थी (39) पुत्र विद्याधर सोमवार को सुबह जमरेही गांव में बालू डलवाकर ट्रैक्टर से वापस गांव आ रहा था। बिलगांव रोड पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। देवनाथ की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक भाग निकला। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई देवराज अवस्थी ने बताया कि देवनाथ अविवाहित था।किसानी के साथ बालू का भी काम करता था। पिता की चार साल पहले मृत्यु हो चुकी है।
उधर, कोतवाली नगर के नरैनी रोड पर मेडिकल कालेज के पास ट्रक की टक्कर से देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव निवासी रामप्यारी (55) पत्नी रामप्रसाद और उसका पुत्र लवकुश (25) घायल हो गए। बाइक ट्रक के नीचे आकर चकनाचूर हो गई। चालक और क्लीनर ट्रक छोड़कर भाग निकले। यूपी-100 ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। लवकुश ने बताया कि वह बाइक से कलिया पुरवा (गिरवां) जा रहे थे। बबेरू प्रतिनिधि के मुताबिक चिल्ला थाना क्षेत्र के गुगौली गांव का जुगरातन (60) पत्नी मुकीम सोमवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गई। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।