रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने प्रांतीय आह्वान पर 13 सूत्रीय मांगों को लेकर डिपो परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। मांगे पूरी न होने पर 9 अप्रैल को परिवहन निगम मुख्यालय, लखनऊ में धरना की चेतावनी दी।
रोडवेज परिसर में बृहस्पतिवार को धरने को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार व निगम प्रबंधन ने जुलाई 2014 को हुए समझौते में बकाया किश्तों का भुगतान और मृतक आश्रितों की नियुक्ति के साथ अन्य मांगों पर सहमति जताई थी।
प्रांतीय सदस्य विजय नारायण विश्वकर्मा ने नियमित चालकों की नियुक्ति के लिए निर्धारित प्रक्रिया व निगम में कार्यरत संविदा चालकों को केंद्रीय प्रशिक्षण में सफल होने के बाद न्यूनतम वेतन भत्ता व अन्य सुविधाएं दिए जाने की मांग की।
कर्मचारी नेता बृजनंदन कुशवाहा ने कहा कि दिसंबर व जनवरी में मौसम से यात्रियों की कमी से आय प्रभावित हुई है। रिकवरी पर रोक लगाने की मांग की है। अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय अध्यक्ष जीएस त्रिवेदी ने समझौता न होने पर 9 अप्रैल को लखनऊ मुख्यालय में धरना की चेतावनी दी।