अतर्रा (बांदा)। नाले की सिल्ट सड़क पर पड़े होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही जाम भी लग रहा। बृहस्पतिवार को करीब डेढ़ घंटा यातायात अवरुद्ध रहा। वाहनों की लंबी कतार लग गई। मोहल्लावासियों ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाकर रोष जताया है। नरैनी रोड टेंपो स्टैंड के नजदीक एक सप्ताह पूर्व नाला निर्माण के दौरान कीचड़ सड़क पर डाल दिया गया।
इससे राहगीरों को दिक्कत हो रही है। सड़क में जगह-जगह ढेर सिल्ट से दुर्घटनाएं हो रही हैं। बृहस्पतिवार को टेंपो स्टैंड तिराहे पर करीब डेढ़ घंटा जाम लगा रहा। जाम से पैदल राहगीरों को भी निकलने में परेशानी हुई। विष्णु शिवहरे, रामबाबू, रामू, श्याम बाबू, चंद्रपाल, कैलाश नाथ बाजपेई आदि ने आरोप लगाया कि पालिका ने अब तक कीचड़ नहीं उठवाया। लोगों को दिक्कत हो रही है। शीघ्र सफाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। (संवाद)