बदौसा। बागै नदी पुल की रेलिंग पर खड़े होकर सेल्फी वीडियो बना रहे चार में एक युवक नदी में जा गिरा। दो युवक दौड़कर नदी किनारे पहुंचे और शोर मचाया। पास में मौजूद मल्लाहों ने नदी में छलांग लगा दी और युवक को बाहर निकाल लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी अतर्रा में भर्ती कराया, वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग निवासी यशवीर कुशवाहा (18) पुत्र दिलीप कुशवाहा हाल मुकाम अतर्रा अपने तीन अन्य साथियों के साथ शनिवार की सुबह बागै नदी पुल की रेलिंग में खड़े होकर सेल्फी वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान यशवीर असंतुलित होकर नदी में जा गिरा। दो युवक को नदी किनारे पहुंचे, लेकिन एक युवक वहां से बाइक लेकर भाग निकला।
मल्लाहों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को उठाकर सीएचसी अतर्रा में दाखिल कराया। खबर पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मालुम हो कि चारो युवक सादीमदनपुर में रहने वाले अपने दोस्त राहुल के यहां से निमत्रण से वापस घर जा रहे थे, तभी सभी बागै नदी पुल की रेलिंग पर सेल्फी वीडियो बना रहे थे।