फोटो-15- सदर तहसील के सामने रिक्शों को रोकने के लिए लगाया गया बैरियर। संवाद
बांदा। रोडवेज बस स्टैंड के पास जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने सदर तहसील के सामने बैरियर लगाकर रिक्शों की आवाजाही नियंत्रित की है।
कचहरी की ओर से आने वाले रिक्शों को बस स्टैंड जाने से रोककर डीएम कॉलोनी रोड की ओर मोड़ा जा रहा है। इससे बस स्टैंड के आसपास जाम से राहत की उम्मीद जगी है।
व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह से शाम तक दो से तीन गार्ड तैनात रहते हैं। यातायात पुलिस के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहकर रिक्शा चालकों को निर्धारित रास्ते से भेजते हैं। यात्रियों को बैरियर के पास उतरकर पैदल बस स्टैंड तक जाना पड़ता है। हालांकि, दूसरी ओर से रिक्शों को कचहरी की तरफ आने की अनुमति है।
दो दिन पहले नगर पालिका की टीम ने बस स्टैंड के आसपास अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया था। अब बैरियर लगाकर यातायात नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और शाम पांच से सात बजे के बीच यहां जाम की समस्या अधिक रहती है।
प्रभारी निरीक्षक यातायात महेंद्र सिंह ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड पर जाम न लगने पाए, इसके लिए बैरियर व्यवस्था की गई। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि लोगों को बेहतर व्यवस्था मिले।