तिंदवारी। थाना क्षेत्र के धौंसड़ गांव में 57 वर्षीय रिटायर्ड कताई मिल सुपरवाइजर का शव कुएं में फांसी पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। मृतक दो दिन से लापता था। पुलिस प्रथम दृष्टया जांच में आत्महत्या बता रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
धौंसड़ गांव निवासी और कताई मिल सेवानिवृत्त सुपरवाइजर मोहनलाल कोटार्य शनिवार की रात कमरे में सोने गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। रविवार को सुबह परिजनों को उसके गुम होने की जानकारी हुई और पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करा दी। सोमवार की शाम चरवाहों ने मोहनलाल का शव कुएं में रस्सी पर लटका देखा। परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र विजय ने आशंका जताई कि उसके पिता की हत्या कर शव को कुएं में लटका दिया गया।
बताया कि आंख और चेहरे पर चोट के निशान हैं। आरोप लगाया कि जमीन को लेकर काफी दिनों से पड़ोसियों से विवाद चल रहा है। उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। पुलिस और राजस्व विभाग की पैमाइश के बाद भी पड़ोसी जमीन खाली नहीं कर रहे। सीओ सदर सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।
----------------