बांदा। डरा धमका कर 50 हजार रुपये वसूलने वाले आरोपी के खिलाफ महिला ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के अलीगंज मोहल्ला निवासी गीता अग्रवाल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसके पति राजेश अग्रवाल शजर पत्थर का व्यवसाय करते हैं। उनके पड़ोस में विपिन रिछारिया रहता है। विपिन अक्सर उसके घर में दीवार फांदकर घुस आता है और उसके पति पर दबाव बनाकर पैसा वसूलता है। अब तक वह 50 हजार रुपये वसूल चुका है।जब उसने इस बात का उलाहना उसके पिता मोती लाल रिछारिया और मां प्रभा रिछारिया से शिकायत की तो वह मारपीट पर उतारू हो गए। उनके घर में पत्थर भी फेंके। उसने छह अप्रैल को महिला थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब उसने कोतवाली में तहरीर दी। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी विपिन, उसके पिता मोतीलाल व मां प्रभा के खिलाफ वसूली और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। विवेचना की जा रही है।