बांदा। अप्रैल के पहले पखवारे में ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। इसके चलते डायरिया भी अपने पांव फैला रहा है। पिछले 24 घंटों में डायरिया से पीड़ित आठ और बुखार से पीड़ित दो मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने गर्म हो रहे मौसम में एहतियात बरतने की सलाह दी है।
शुक्रवार को खुले जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की लाइन लग गई। पर्चा काउंटर से लेकर चिकित्सकों के चेंबर और दवा वितरण काउंटर में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ जमा रही। ज्यादातर मरीज डायरिया से पीड़ित रहे। डायरिया से पीड़ित होने पर सुनैना (35) पत्नी श्यामसुंदर निवासी गुरेह, सुनिधि (2) पुत्री कालका तरहटी कालिंजर, सगुनिया (70) पत्नी रघुराज बक्छा, प्रभा (25) पुत्री मुन्नीलाल बंगालीपुरा, मिथुन (22) पुत्र बाबादीन परशुराम तालाब, रश्मि (24) पत्नी भरतलाल किलेदार का पुरवा, माजदा (50) पत्नी जमील निवासी गोयरा, मिथलेश (31) पत्नी संतोष निम्रीपार और बुखार से पीड़ित बुद्धविलास (25) हुसैनपुर गिरवां व राहुल सेन (38) निवासी अलीगंज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका उपचार किया जा रहा है। जिला अस्पताल कैपस में संचालित ट्रामा सेंटर इमरजेंसी में तैनात ईएमओ डाॅ. विनीत सचान ने लगातार गर्म हो रहे मौसम में लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।