चुनाव के लिए गठित उड़नदस्ता द्वारा पुलिस चौकी के पास वाहन रोककर जांच पड़ताल करने पर भाजपा नेता भड़क गए। दस्ते के मजिस्ट्रेट ने भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता और भाजपा नेता संतोष अवस्थी के विरुद्ध सरकारी काम में बाधा डालने सहित कई गंभीर धाराओं की कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली में मंगलवार की देर रात लोकसभा चुनाव में गठित फ्लाइंग स्काट (उड़नदस्ता) के मजिस्ट्रेट आनंद कुमार चौरसिया (लेक्चरर राजकीय आयुर्विज्ञान कालेज, अतर्रा) ने दर्ज कराई एफआईआर में कहा है कि वह उप निरीक्षक शादाब खां और कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, विवेक कुमार शुक्ला, अवनीश पाठक तथा वीडियोग्राफर अनमोल के साथ शाम करीब 5.45 बजे बाबूलाल चौराहे पर आदर्श आचार संहिता के अनुपालन ड्यूटी पर थे।
इसी बीच भाजपा के झंडे वाली सफेद रंग की स्कार्पियो आई। स्कार्पियो को रोकर चेक करने लगे। वाहन में भाजपा की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता सवार थीं। इसी बीच खुद को भाजपा का पूर्व युवा जिलाध्यक्ष और भाजपा का कार्यकर्ता बताने वाले संतोष अवस्थी बाइक से आए और गाड़ी चेक करने में बाधा उत्पन्न की। अपशब्दों का प्रयोग करते हुए खौफ पैदा करने के उद्देश्य से चेकिंग में बाधा डाली। आक्रोशित होकर कहा कि आप लोग जानबूझकर भाजपा नेताओं को परेशान करते हैं।
पुलिस ने वंदना गुप्ता और संतोष अवस्थी के विरुद्ध धारा 186, 188, 353, 171एफ आईपीसी और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 127ए के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। इसकी विवेचना उप निरीक्षक भानु प्रताप को सौंपी गई है।