बांदा। दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर शौहर ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने मटौंध थाने में पति सहित आठ ससुरालियों के विरुद्ध दहेज एक्ट व मुस्लिम महिला विवाह अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम के तहत शुक्रवार की देर शाम रिपोर्ट दर्ज कराई।
मटौंध थाना क्षेत्र के अचारन थोक निवासी कहकशा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी चार सितंबर 2022 को टीकमगढ़ मध्यप्रदेश के मोहल्ला जतारा निवासी कलीम काजी के साथ हुई थी। शादी के बाद से पति व अन्य ससुरालीजन उससे दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर शारीरिक व मानसिक तकलीफें दी और इसी साल 31 जुलाई को उसे गाड़ी में बैठाकर मटौंध गांव छोड़ गए। यहां पति ने कहकशा को तीन तलाक दिया। पुलिस ने पति, ससुर रशीद, देवर शकील, जेठ जलील, सास शाहिदा, जेठानी रुकसार व हिना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष दिनेश तिवारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।