एक साल पहले महिला के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है। शुक्रवार को पीड़िता ने भाजपा प्रत्याशी सांसद को शिकायती पत्र देते हुए गिरफ्तारी की मांग की। दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
जरिया थाने के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसने 31 मार्च 2018 को कस्बे के जुलहेटी मोहल्ला निवासी मुइनुद्दीन पुत्र याकूब के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि एक साल बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा है। बताया कि आरोपी राजीनामा का दबाव बनाने के उद्देश्य से उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का प्रयास कर रहा है।
बताया कि आरोपी उसे धमकी दे रहा है कि अगर राजीनामा नहीं किया तो अभी तो वीडियो वायरल किया है, अब उसकी हत्या कर देगा। बताया कि वह कई बार पुलिस से शिकायत कर चुकी है। मगर पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपी उसके मोबाइल पर फोन कर परेशान करता है। सांसद ने महिला को शीघ्र कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।