कमासिन। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को कस्बे के विनोबा इंटर कॉलेज खेल मैदान में दंगल प्रतियोगिता हुई। इसमें विभिन्न जनपदों से आए पहलवानों ने जोरदार दांव-पेच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित किया। फतेहपुर के पुष्कर पहलवान ने हमीरपुर के रमाशंकर को हराकर 51 हजार रुपये की इनामी कुश्ती अपने नाम की। जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल ने विजेता को पुरस्कार और गदा देकर सम्मानित किया।
वाराणसी के अनिल ने बच्चा अरवारी को चित किया, जबकि मरका के मोहित ने ओरा के उदल को पटकनी दी। जालौन के अमित ने हमीरपुर के फूल सिंह को पराजित किया। अरमार के रिंकू ने पन्ना के राहुल को हराया। मुरवल के सहदेव और विनवट के सुधीर के बीच मुकाबले में सुधीर विजयी रहे। कमासिन के अतुल ने भी राहुल पन्ना को शानदार दांव लगाकर चित किया।
कमासिन के रितिक और अमित के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। मूंगस के सहदेव और झांसी के अमित तथा गोंडा के निरंजन और मोहित मरका के बीच कुश्ती बराबरी पर समाप्त हुई। महिला पहलवानों के मुकाबले में जागृति वर्मा ने दिल्ली की सपना को कड़े संघर्ष के बाद हराकर जीत दर्ज की। महिला कुश्ती देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा। मुख्य अतिथि रावेंद्र गर्ग, प्रधान प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता आदि मौजूद रहे।