बांदा। भारतीय किसान यूनियन ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सरकार से गेहूं की सरकारी खरीद में एमएसपी के अतिरिक्त 500 बोनस मांगा। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
किसानों ने बताया कि डीजल, बीज, खाद आदि के निरंतर दामों के बढऩे से लागत दो गुनी हो गई है, जबकि एमएसपी में सिर्फ सरकार ने 150 रुपये की बढ़ोत्तरी की है। प्रदेश से सटे राज्य राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश आदि में किसानों को समर्थन मूल्य से अतिरिक्त 500 रुपये बोनस दिया जा रहा है। जब कि यूपी में किसानों को कुछ नहीं दिया जा रहा है। जब कि खुले बाजार में गेहूं के दाम 2500 से 3000 तक है।
ऐसे में किसानों का मोह खरीद केंद्रों से भंग होता जा रहा है। किसान खरीद केंद्रों की वजाय खुले बाजार में अपना जिंस बेच रहा है। हाल ही में समर्थन मूल्य कम होने से धान खरीद का लक्ष्य आधा भी पूरा नहीं हुआ। यहीं हाल रहा तो गेहूं खरीद का लक्ष्य भी पूरा नहीं होगा। मंडल अध्यक्ष बलराम तिवारी, शिवनारायन सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज सिंह, रोहित द्विवेदी, रचना सेन, महेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।