बांदा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि चुनाव ड्यूटी में लगे शिक्षकों का मानदेय अभी तक नहीं दिया गया। बीएसए ने अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने व एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। अनुपस्थित का वास्तविक कारण जानने के साथ सहानुभूति बरती जाए और अनुपस्थित कार्मिकों का मानदेय तत्काल दिलाया जाए।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिलाध्यक्ष पंकज सिंह की अगुवाई में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राहुल द्विवेदी को सौंमा। कहा कि चुनाव ड्यूटी में लगे कई शिक्षकों के मानदेय का भुगतान अभी तक नहीं हो सका। द्वितीय प्रशिक्षण का भी मानदेय नहीं मिला। कहा कि शिक्षकों का नियमानुसार शासन से निर्धारित मानदेय दिया जाए। जो शिक्षक चुनावी ड्यूटी में नहीं पहुंच पाए,उन पर कार्रवाई की जा रही है।
भीषण गर्मी आदि के कारण कई शिक्षक बीमार हो गए, जिससे वह ड्यूटी में समय से नहीं पहुंच सके। ऐसे शिक्षकों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाए। जो कार्मिक वास्तविक समस्याओं के कारण ड्यूटी में नहीं पहुंच पाए हैं, उन पर कोई कार्रवाई हो। इस मौके पर दिलीप सिंह, मनोज सिंह, अमरपाल सिंह, अमित वर्मा आदि शिक्षक उपस्थित रहे।