कोतवाली नगर से चंद कदम दूर चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर हजारों रुपये के बर्तन चोरी कर लिए। व्यापारी ने इसकी तहरीर पुलिस को दी है। उधर, बिसंडा क्षेत्र के शिव गांव मेें चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर जेवर व रुपये समेत करीब दो लाख का माल पार कर दिया।
शहर कोतवाली के पीछे मुचियाना गली निवासी रमेशचंद्र गुप्ता घर में बर्तनों का गोदाम बनाए हैं। रविवार की रात चोर चैनल और दरवाजे का ताला तोड़कर गोदाम से पीतल और एल्युमीनियम के बर्तन चुरा ले गए। इनकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई।
तहरीर में व्यापारी ने बताया कि घटना के वक्त ऊपर कमरे में सभी सो रहे थे। चोरों की आहट नहीं लगी। सोमवार को सुबह कोतवाली पुलिस ने गोदाम का मुआयना किया और रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया। उधर, बर्तन व्यापार संघ नेता संतोष गुप्ता व जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज जैन ने शहर में बढ़ी चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।
कहा कि कोतवाली के पास चोर घटना अंजाम दे सकते हैं तो दूरदराज के इलाके कैसे सुरक्षित होंगे। उधर, बिसंडा थाना क्षेत्र के शिव गांव में हसीब पुत्र अच्छे अली परिजनों के साथ रविवार की रात छत पर सोए थे। रात में चोर दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हो गए।
सोने-चांदी के करीब 80 हजार के जेवर व 30 हजार रुपये ले गए। सुबह नींद खुली तो आंगन में सामान बिखरा मिला। इसी गांव का मजदूर लक्ष्मी पुत्र सिपाही परिवार के साथ दरवाजे का ताला बंद कर बाहर लेटा था। चोरों ने यहां भी ताला तोड़ा और 500 ग्राम चांदी का बिछुवा तथा 2700 रुपये ले उड़े।
लक्ष्मी टीबी से पीड़ित है। सोमवार को वह इलाज के लिए बिछुवा गिरवी रख नए गांव छावनी जाने की तैयारी में था। पीड़ितों ने थाने में चोरी की तहरीर दी है। पिछले सप्ताह भर में गांव में यह चौथी चोरी की घटना है।