बांदा। जिले में प्रदूषण के चलते स्मॉग का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है।
सोमवार को दिन के11 बजे तक शहर धुंध की चादर में लिपटा रहा। सुबह 10 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 357 तक पहुंच गया। बाहर निकले लोगों को आंखों में जलन महसूस हुई। शुरुआत में धुंध को लोग कोहरा समझते रहे, लेकिन धूप निकलने के बाद भी इसके न छंटने पर स्मॉग होने का अहसास हुआ।
सोमवार को दिन का औसत एक्यूआई 281 दर्ज किया गया। बीते वर्ष नवंबर में जिले का अधिकतम एक्यूआई 217 तक पहुंचा था। इस बार यह स्तर काफी अधिक है। इससे प्रदूषण बढ़ने का अंदाजा लगाया जा सकता है। दोपहर में स्मॉग कुछ कम हुआ, लेकिन शाम होते ही फिर धुंध छा गई। इससे लोगों की चिंता बढ़ गई।
जिले में प्रदूषण बढ़ने के पीछे निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी, पराली जलाना और बदहाल सड़कों पर दौड़ते वाहन प्रमुख कारण हैं। खनन क्षेत्रों से मौरंग लेकर निकलने वाले ओवरलोड ट्रक भी धूल और धुएं के प्रदूषण को बढ़ा रहे हैं। क्रशर से निकलने वाले धूल के कण भी हवा को प्रदूषित कर रहे हैं। शहर में जगह-जगह खुदी सड़कें और निर्माणाधीन भवनों से उड़ती धूल लोगों की सांसों पर भारी पड़ रही है।
जिला अस्पताल में सोमवार को सांस संबंधी परेशानी के 72 मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने उन्हें उपचार के साथ मास्क लगाने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी। प्रशासन का जोर पराली जलाने से रोकने पर है, लेकिन निर्माण कार्यों से होने वाले प्रदूषण पर प्रभावी निगरानी नहीं दिख रही है।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. हृदेश पटेल ने बताया कि लगातार स्मॉग रहने से सांस के रोगियों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में मास्क लगाना और घर में रहना बेहतर बचाव है। संभव हो तो घर में एयर प्यूरिफायर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
पानी का छिड़काव और पर्दे लगाने के नियम की अनदेखी
निर्माण कार्यों के दौरान धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव और निर्माण स्थल पर पर्दा लगाना जरूरी है, लेकिन शहर में इन नियमों का पालन होता नहीं दिख रहा है।
सरकारी निर्माण कार्यों में भी इंतजाम नजर नहीं आते। शहर के गूलर नाका क्षेत्र में सड़क महीनों से खुदी पड़ी है। यहां अब तक न तो पानी का छिड़काव कराया गया और न ही धूल रोकने के दूसरे इंतजाम किए गए।
इसी तरह कई सरकारी निर्माण स्थलों पर पर्दे नहीं लगाए गए हैं। इससे कार्यदायी संस्थाएं नियमों की अनदेखी कर रही हैं। निर्माण कार्यों की पूरी लागत का भुगतान होने के बावजूद धूल नियंत्रण के जरूरी इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
फोटो-24-शहर के डीएम कॉलोनी रोड पर छाई धुंध। अमर उजाला