बांदा/खप्टिहा कलां। पैलानी थाना क्षेत्र के डाड़ा मऊ गांव में शनिवार को मान सिंह (40) की संदिग्ध हालात में फांसी से हुई मौत के मामले में परिजनों की नजर में मृतक की पत्नी की भूमिका संदिग्ध होने के चलते पुलिस ने रविवार को दूसरे दिन भी पत्नी को थाने में ही बैठाए रखा। एहतियात के तौर पर महिला और उसके कथित प्रेमी के घरों पर पुलिस तैनात की गई है।
मानसिंह ने शनिवार की दोपहर को घर में अटारी पर रस्सी बांधकर फांसी लगा ली थी। उसके घर में पत्नी के अलावा किशोर उम्र दो पुत्र हैं। शादी करीब 18 वर्ष पहले पड़री गांव में हुई थी। उधर, मृतक और उसके परिजनों को शक था कि पत्नी का गांव के एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। घटना से 10 दिन पहले मानसिंह ने थाने में इस आशय की शिकायत भी की थी।
पैलानी थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि इस पर उन्होंने पत्नी सुनीता देवी और परिजनों को बुलाकर बातचीत की थी। पत्नी ने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई थी। थानाध्यक्ष के मुताबिक इस पर पति मानसिंह ने उसे घर से चले जाने को कहा था। इस पर भी वह तैयार हो गई थी।
मानसिंह की मौत के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर शनिवार को ही पत्नी को थाने में बैठा लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी कोई रिपोर्ट नहीं आई है। उधर, क्षेत्राधिकारी सदर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि फौरीतौर पर की गई जांच पड़ताल में मृतक के साथ मारपीट या चोट के कोई सुबूत या निशान नहीं मिले हैं। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच भी की जा रही है।