फोटो- 20 जसपुरा में खाद के लिए लाइन में खड़ी महिला किसान। संवाद
- फोटो : samvad
बांदा। मंडी परिसर में शुक्रवार को खाद के लिए किसान उमड़ पड़े। तमाम किसान रात में ही मंडी आ गए थे। सुबह केंद्र खुलने के पहले ही लाइन में लग गए। केंद्र खुला तो उन्हीं किसानों को खाद दी गई जिन्हें बृहस्पतिवार को कूपन जारी किए गए थे। नायब तहसीलदार व पुलिस ने लाइन लगवाकर खाद बंटवाई। दावा किया कि शाम तक एक हजार कूपनों पर खाद का वितरण किया गया है।
बृहस्पतिवार को जारी कूपनों पर शनिवार व रविवार को खाद का वितरण किया जाएगा। अगले कूपन रविवार को वितरित किए जाएंगे।शुक्रवार को मंडी समिति में स्थित केंद्रों पर खाद वितरण की सूचना पर किसान उमड़ पड़े। नायब तहसीलदार और पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए किसानों को समझाया कि उन्हीं किसानों को खाद दी जा रही है जिन्हें बृहस्पतिवार को कूपन दिए गए थे। रविवार को पुन: कूपन वितरण होगा। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर किसानों को खाद का वितरण कराया।
नायब तहसीलदार ने बताया बीते दिन तीन हजार किसानों को कूपन वितरित किए गए थे। शुक्रवार को शाम तक एक हजार किसानों को खाद बांटी गई। शनिवार को भी कूपन वाले किसानों को खाद का वितरण किया जाएगा। रविवार को ही नए कूपन वितरित किए जाएंगे। बताया कि खाद की कोई कमी नहीं है किसान जल्दबाजी न करें।
1585 एमटी की रैक आई
एआर सहकारिता अंसल कुमार ने बताया कि इफ्को की 1585 मीट्रिक टन डीएपी की एक रैक बांदा आ गई है। रेलवे स्टेशन से सीधे सहकारी समितियों में भेजी जा रही है। बताया कि खाद की कोई कमी नहीं है। कृभको की 839 व आईपीएल की 550 मीट्रिक टन डीएपी और मंगाई गई है। एक दो दिन में बांदा आ जाएगी। किसान सब्र रखे सभी को खाद मिलेंगी।
-
एक हजार बोरी खाद बांटी
जसपुरा। एसडीएम अंकित वर्मा व तहसीलदार राधेश्याम सिंह की मौजूदगी में कस्बे में खाद वितरण हुआ। दो दिन में 1000 बोरी खाद वितरित की गई। नायब तहसीलदार वेद आकाश ने बताया कि पहले टोकन बांटे गए फिर खाद का वितरण किया। उधर, रामपुर न्याय पंचायत में नायब तहसीलदार मुस्तकीम की देखरेख में टोकन के माध्यम से खाद का वितरण किया गया। (संवाद)
फोटो- 20 जसपुरा में खाद के लिए लाइन में खड़ी महिला किसान। संवाद- फोटो : samvad