बांदा। तीन लड़कियों से दुष्कर्म और यौन शोषण मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के सातवें दिन पुलिस शनिवार को एक आरोपी के घर और बाइक एजेंसी पर छापा मारने पहुंची। आरोपी ऑटो पार्ट्स विक्रेता आशीष अग्रवाल दोनों जगहों पर नहीं मिला तो उसके ऑटो पार्ट्स प्रतिष्ठान पर ताला लगवा दिया। वहीं, दो और आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी। हालांकि, मामले में दो लोगों को गिरफ्तार करने की चर्चा रही।
विवेचक सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि आशीष अग्रवाल के घर में उसके बड़े भाई मिले। उन्होंने बताया कि घटनाक्रम के बाद से आशीष घर पर नहीं आया है। उसका कोई पता भी नहीं चल रहा है। पुलिस ने भाई से आशीष के संभावित ठिकानों के बारे में पूछताछ की।
सीओ ने बताया कि आशीष समेत तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी जल्द ही होगी। उन्होंने डीएवी इंटर कॉलेज रोड पर मस्जिद के पास रहने वाले गुटखा व्यवसायी स्वतंत्र साहू और पल्हरी रोड निवासी ठेकेदार लोकेंद्र सिंह चंदेल के पल्हरी स्थित आवास और प्रतिष्ठान पर भी छापा मारने की बात कही है।
पुलिस की सुस्ती पर सवाल
रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस को सक्रिय हो जाना चाहिए था। सात दिन बाद भी पुलिस केवल एक आरोपी नवीन विश्वकर्मा को ही गिरफ्तार कर पाई है। तीनों मुख्य आरोपी, जोकि कारोबारी हैं, उन तक नहीं पहुंच पाई है। सातवें दिन केवल एक कारोबारी अग्रवाल के एक प्रतिष्ठान में ताला लगाया है। दो अन्य कारोबारियों का कारोबार चल रहा है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश देने की बात तो कहती है, लेकिन कहां दबिश दे रही है, इसकी बात नहीं बताती है। लोग यह भी कह रहे हैं इतने बड़े मामले में पुलिस सुस्ती बरत रही है। वह कहते हैं कि यदि आरोपी बड़े कारोबारी नहीं होते तो अब तक बुलडोजर लेकर घर गिरवा चुकी होती। इस मामले में ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है।
-
चर्चा में रहा चौथी लड़की का वायरल ऑडियो
यौन शोषण के मामले में तीन पीड़ित युवतियों के बाद एक और लड़की के नाम की चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर सुबह एक ऑडियो वायरल हुआ। इसमें लड़की नवीन विश्वकर्मा सहित तीनों आरोपियों का नाम ले रही है। यही भी चर्चा रही कि गिरफ्तार किए गए नवीन से कड़ाई से पूछताछ हुई तो अभी कई और लड़कियों का मामला सामने आ सकता है।
आरोपी लोकेंद्र है बड़ा कारोबारी
यौन शोषण के मामले में तीनों आरोपी कारोबारी हैं, लेकिन लोकेंद्र बड़ा कारोबारी है। उसका गुरेह गांव में पेट्रोल पंप है। इसी गांव में मैरिज हाल के अलावा बाईपास चौराहे पर ट्रेडर्स की दुकान भी है। वह ठेकेदारी भी करता है। गांव के एक युवक ने बताया कि लोकेंद्र काफी आशिक मिजाज है। इस मामले के पहले भी कई लड़कियों से उसने संपर्क बनाया है, जिसमें विवाद भी हुए, लेकिन पीड़ितों ने इज्जत की बात सोचकर चुप्पी साध ली।