बांदा। कोतवाली देहात पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्टरी का पर्दाफाश किया है। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी जंगल में शस्त्र बनाकर बेचते थे। बड़ी तादाद में निर्मित और अर्ध निर्मित तमंचे व कारतूस तथा उपकरण बरामद हुए हैं। मुख्य आरोपी का पुलिस ने आपराधिक इतिहास बताया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी अभिनंदन ने मीडिया वार्ता में बताया कि कोतवाली देहात पुलिस ने शनिवार को सुबह चहितारा गांव स्थित जंगल में दबिश देकर अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। बड़ी तादाद में बने-अधबने असलहे बरामद हुए। बबेरु व बिसंडा के रहने वाले तीन आरोपी यहां आकर जंगल में शस्त्र बनाते थे। घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इनमें निभौर (बबेरू) गांव निवासी देवलाल निषाद उर्फ पडेरी, बिसंडा कस्बा निवासी हर्षवर्धन सिंह उर्फ ज्ञानू सिंह और बिलगांव (बिसंडा) गांव निवासी अजय सिंह शामिल हैं। पुलिस ने देवलाल निषाद को मुख्य सरगना बताया है। अवैध शस्त्र निर्माण में पूर्व में भी वह जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध बबेरू और मरका थाना में कई केस दर्ज हैं। इस अवसर पर एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ गवेंद्र पाल सिंह गौतम, कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार सिंह, एसआई नरेश कुमार प्रजापति, दुर्विजय सिंह, पवन कुमार समेत कांस्टेबल आदि शामिल रहे।