खत्री पहाड़ (बांदा)। खदान में पोकलैंड ऑपरेटर की दाहिनी आंख में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव पोकलैंड में चालक सीट पर मिला। खदान मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की। युवक के पिता ने एक खदान कर्मी समेत पांच-छह अज्ञात पर हत्या किए जाने का शक जताते हुए गिरवां थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस खदान कर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम में उसके सिर में 315 बोर की बुलेट फंसी मिली है।
महोबा जिले के खन्ना थाना क्षेत्र के सिरसी कला गांव निवासी लल्लू पाल ने बताया कि उसका पुत्र सनी उर्फ सोनी (30) गिरवां थाना क्षेत्र के कोलावल खदान संचालक सुरेंद्र सिंह के यहां पोकलैंड आपरेटर है। वह तीन माह से यहां कार्यरत था। रात करीब साढ़े 12 बजे वह पोकलैंड चला रहा था। इस दौरान उसकी अज्ञात लोगों ने पोकलैंड की सीट में बैठने के दौरान दाहिनी आंख में गोली मारकर हत्या कर दी। खदान कर्मियों ने उसे मृत अवस्था में पोकलैंड मशीन पर देखा तो मैनेजर सुनील सिंह को बताया कि उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके में पहुंचकर फील्ड यूनिट व फाॅरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पिता ने हमीरपुर जिले के पीहर गांव निवासी मोहित समेत पांच-छह अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता का कहना है कि मोहित पर उन्हें शक है। उसने खुन्नस के चलते घटना को अंजाम दिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम में मृतक के सिर में गोली फंसी हुई मिली है।
-
वर्जन
खदान मैनेजर ने सूचना दी थी।पुलिस, फील्ड यूनिट ने मौके से तकनीकी, वैज्ञानिक व इलेक्ट्रॉनिक्स साक्ष्य संकलन किए हैं। मृतक महोबा का रहने वाला है। मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ।
कृष्णकांत त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नरैनी।
साइड)खदान कर्मी से चार दिन पहले हुआ था विवाद, दी थी धमकी
गाड़ी खदान कर्मी के पैर से हो गई थी टच, रुपये मांग रहा था खदान कर्मी
खत्रीपहाड़ (बांदा)। महोबा खन्ना थाना क्षेत्र के सिरसी कला गांव निवासी लल्लू पाल ने बताया कि उसके पुत्र सनी उर्फ सोनी के साथ खदान में काम करने वाले हमीरपुर के पीहर गांव निवासी मोहित से चार दिन पहले विवाद हो गया था। सोनी खदान में गाड़ी बैक कर रहा था, तो गाड़ी मोहित के पैर से टकरा गई थी। इस पर मोहित के पैर में फैक्चर हो गया था। जिस पर सनी ने उसका इलाज कराया था लेकिन मोहित रुपये मांग रहा था। पिता की माने तो घटना की रात कुछ लोग कार से सवार होकर सनी के पास पहुंचे हैं और उन्होंने ही हत्या की घटना को अंजाम दिया है। पिता के मुताबिक, सनी दो भाइयों में छोटा है। पिता मजदूरी करते हैं। घर में मां उर्मिला है। पूरे प्रकरण में सीओ नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी का कहना है कि खुलासे के लिए दो टीमें गठित की हैं। संबंधित आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक सनी उर्फ सोनी। फाइल फोटो।