फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: पीएम जल्द करेंगे केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास

Mon, 24 Jun 2024 12:28 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं। इसकी पहल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की है। दो दिन पूर्व उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात करके शिलान्यास की तारीख देने का अनुरोध किया है।
विज्ञापन

अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल वर्ष 2005 में देश की 37 नदियों को आपस में जोड़ने की योजना तैयार की गई थी। इसमें बुंदेलखंड की केन-बेतवा लिंक परियोजना भी शामिल है। परियोजना की शुरुआत भी इन्ही दोनों नदियों से की जा रही है, लेकिन यूपी-एमपी सरकारों के बीच सहमति न बन पाने से परियोजना अटकी रही। हालांकि दोनों राज्यों के बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए यह काफी फायदेमंद मानी जा रही है।
केंद्र सरकार की मध्यस्थता से पिछले वर्ष सितंबर में यूपी-एमपी के मुख्यमंत्रियों और सिंचाई मंत्रियों की उच्चस्तरीय बैठक में दोनों राज्यों में परियोजना को सहमति बनी है। इसी के बाद परियोजना के शिलान्यास की कवायद तेज हो गई है। पिछले वर्ष अक्तूबर में ही खजुराहो में प्रधानमंत्री द्वारा इसका शिलान्यास किया जाना था, पर ऐन वक्त पर यह टल गया।
विज्ञापन

अब एमपी के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री से दिल्ली में मिलकर परियोजना का शिलान्यास करने का अनुरोध किया है। शीघ्र ही इसकी तारीख तय करने की गुजारिश की है। अब माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री शीघ्र ही आकर शिलान्यास करेंगे। गौरतलब है कि मोदी सरकार ने वर्ष 2023-24 के बजट में परियोजना के लिए 3500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

इनसेट
केन-बेतवा परियोजना की लागत बढ़कर 44 हजार 605 करोड़ रुपये पहुंच गई है। लागत का 90 फीसदी पैसा केंद्र सरकार देगी। शेष पांच-पांच फीसदी अंश यूपी और एमपी सरकार देंगी।


इनसेट:
परियोजना से उत्तर प्रदेश के बांदा , महोबा, हमीरपुर , झांसी , ललितपुर आदि क्षेत्रों में 2 लाख 52 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। साथ ही पीने का पानी मिलेगा। इसी तरह एमपी में 8 लाख 11 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो सकेग। परियोजना से 103 मेगावाट जल विद्युत और 27 मेगावाट सौर ऊर्जा पैदा होगी।

इनसेट:
केन-बेतवा लिंक से यूपी के महोबा, बांदा, झांसी और ललितपुर तथा एमपी के छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, दमोह, विदिशा, सागर, शिवपुरी, दतिया आदि जनपदों को पानी उपलब्ध होगा। यूपी में इस परियोजना पर 5121 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

इनसेट:
इस परियोजना में एमपी के पन्ना जिले में डोढ़न गांव के पास बांध बनेगा। यहीं से बेतवा नदी तक 221 किलोमीटर लंबी पक्की नहर बनेगी। नहर से केन का अतिरिक्त पानी बेतवा में पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा बांदा में केन नहर का सुधार और महोबा में 15 बांधों और तालाबों का जीर्णोद्धार प्रस्तावित है। केन-बेतवा लिंक परियोजना के अपर मुख्य अधिकारी (निर्माण) देवेश शुक्ला के मुताबिक केन नदी पर बांदा व पैलानी में दो नए बैराज बनेंगे। इनसे पाइप लाइन से 25,504 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी।


इनसेट -
केन-बेतवा लिंक का विरोध भी खूब हो रहा है। खासकर उन गांवों में लगातार विरोध चल रहा है, जिन्हें परियोजना में शामिल किया गया है। यह गांव डूब क्षेत्र में हैं। ग्रामीणों और समर्थन में आए स्वयंसेवी संगठनों का कहना है कि ग्रामीणों को भूमि का उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा। न ही उन्हें उचित स्थान पर बसाने की कोशिश की जा रही। पन्ना टाइगर रिजर्व पार्क का बड़ा हिस्सा डूब क्षेत्र में आने से जीव जंतुओं का जीवन खतरे में पड़ जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें