बांदा। बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। शनिवार को पूरे दिन कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई। बारिश से किसानों के भी चेहरे खिल गए।
जिले में अभी बेहतर बारिश नहीं हुई। बूंदाबांदी से उमस और बढ़ गई। उमस के कारण लोग खासे परेशान थे। बिजली जाने और कूलर, पंखा बंद होने से लोगों की हालत और भी खराब हो रही थी। शनिवार को सुबह से ही बादल छाए थे। दोपहर को शुरू हुई बारिश देर शाम तक चलती रही। कभी तेज तो कभी धीमी रही।
बारिश से वातावरण में ठंडक आ गई और लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, किसानों का कहना है कि आसमान खुलते ही धान की रोपाई व दलहन व तिलहन की बुआई में तेजी आएगी। किसानों को बारिश का ही इंतजार था। उनका कहना है कि खेतों में नमी होगी तो फसल बेहतर तैयार होगी। ज्ञात हो कि जिले में अभी महज कृषि विभाग के लक्ष्य के सापेक्ष महज 10 फीसदी ही धान की रोपाई व दलहन व तिलहन की बुआई हो पाई है।