बांदा। दहेज का सामान उतार रहे दूल्हे के बड़े भाई की पिकअप (लोडर) से कुचलकर मौत हो गई। उधर, मृतक के भाई ने जानबूझकर कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। उधर, शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दुल्हन ससुराल की ड्योढ़ी में दाखिल नहीं हो पाई। उसकी डोली आने के बाद जेठ की अर्थी उठ गई।
बिसंडा कस्बे के हनुमान नगर निवासी सरवन (27) पुत्र बदलुवा के छोटे भाई राजाराम की बारात बुधवार को शाम सतना जिले के छीतूपुर (मझगवां) से वापस आई थी। दहेज का सामान लाने के लिए बिसंडा से ही पिकअप जीप साथ में गई थी।
दूल्हे के भाई करन ने बताया कि पिकअप चालक बब्बू घर से लगभग एक किलोमीटर दूर सड़क पर सामान उतारने लगा। बड़े भाई सरवन ने सामान दरवाजे पर उतारने को कहा। इससे गुस्साए चालक ने जीप स्टार्ट की और सरवन के ऊपर चढ़ा दी। सरवन की वहीं मौत हो गई।
चालक कस्बे के नजदीक पिकअप छोड़कर भाग निकला। इसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक खेती-किसानी न होने से मजदूरी करके परिवार पालता था। उसके एक पुत्र व दो पुत्री हैं।
उधर, दूल्हे के बड़े भाई की मौत से शादी की खुशियां कोहराम मेें बदल गईं। निहारन की रस्म पूरी न होने से दुल्हन को ससुराल की ड्योढ़ी पार नहीं कराई गई। वह घर के बाहर झोपड़ी में बैठी रही। एक तरफ घर में दुल्हन की डोली आई और दूसरी तरफ जेठ की अर्थी उठी। परिजन व रिश्तेदार शोक में डूबे रहे।