कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ ने पावर कारपोरेशन में संविदा पर काम कर रहे सैकड़ों कर्मचारियों के ईपीएफ में भारी घोटाले की आशंका जताते हुए तत्काल इस पर कार्रवाई की मांग की है। बृहस्पतिवार को संघ के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को इस बाबत ज्ञापन दिया है।
संघ के खंडीय मंत्री मोहम्मद सुभान ने बताया कि ईपीएफ में बड़ा घोटाला है। पिछले दो वर्षों से विभाग हर कर्मचारी के वेतन से इसकी कटौती कर रहा है, लेकिन इसे कर्मचारी के खाते में जमा नहीं किया जा रहा। कर्मचारियों को ब्याज का नुकसान हो रहा है।
उन्होंने डीएम को दिए पत्र में बताया कि पूर्व में तत्कालीन मंडलायुक्त ने इस मामले मेें कड़ा कदम उठाते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों से उसी दिन फाइल तलब कर ली थी। संघ नेताओं ने कहा कि यहां कारपोरेशन में बैठे अभियंताओं से संघ और कर्मचारियों का भरोसा उठा गया है। आरोप लगाया कि यह अभियंता ठेकेदार से सांठगांठ मेें लगे रहते हैं।
ज्ञापन देने वालों का नेतृत्व खंडीय मंत्री ने किया। मीडिया प्रभारी आलोक शर्मा सहित खुर्शीद निजामी, मुकेश श्रीवास्तव, मोहम्मद अकील, सुमित गुप्ता, जुबैर अहमद, लालमन रवींद्र पुष्पक, अजेश कुमार और आलोक मिश्रा आदि शामिल रहे।