बांदा। जिले के कई क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। इससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया। शनिवार की दोपहर अचानक मौसम के बदले मिजाज से कुछ देर के लिए अंधेरा छा गया और तेज आंधी से कई स्थानों पर लोगों के टिन टप्पर उड़ गए। बिजली के पोल व तार टूट जाने से शहर सहित कई गांवों में बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई। बिजली को दुरुस्त करने के लिए पेट्रोलिंग हुई। जहां कई लाइन व पोल टूटे थे उन्हें ठीक कर देर शाम तक बिजली व्यवस्था सही हो सकी।
उधर, आंधी से खेतों कटी पड़ी गेहूं की फसल उड़ गई। किसान फसल को बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन हवा तेज होने वह नहीं बचा सके। आंधी बंद होने के बाद फसलों को समेटा। हालांकि बारिश अधिक नहीं हुई। बूंदाबांदी के बाद आसमान खुल गया। इसके पूर्व शुक्रवार को तेज आंधी व बारिश के साथ पड़े ओलों से किसानों को खासा नुकसान हुआ था।