बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के बाशिंदों को गर्मी और उमस से फिलहाल कोई निजात नहीं मिली। अगले कई दिनों तक राहत के आसार भी नहीं बताए जा रहे हैं। हालांकि बीच-बीच में बादल और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। मंगलवार को पारे में कोई कमी नहीं आई। 43.5 डिग्री पर टिका रहा। दिन भर लू और गर्म हवाओं के थपेड़ों से जनजीवन प्रभावित रहा।
सोमवार को तड़के चित्रकूटधाम मंडल में मौसम ने अचानक बड़ी करवट ली थी। आधी रात के बाद तेज हवाओं के बीच शुरू हुई बारिश और बूंदाबांदी सोमवार को सुबह तक जारी रही। लेकिन तेज धूप का असर कम नहीं हुआ। पारा 43.5 डिग्री रहा। रात में भी न्यूनतम पारा 31 डिग्री से नहीं खिसका। मंगलवार को भी कमोवेश मौसम के तेवर ऐसे ही रहे। दोपहर को जिस्म तपा देने वाली धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से राह चलना दूभर रहा। तीसरे पहर बादल आने से हल्की बूंदाबांदी हुई। शाम को पारा दो डिग्री घटकर 41 हो गया। लेकिन मौसम में आद्र्रता 80 प्रतिशत होने से उमस से कोई राहत नहीं मिली। इंटरनेट पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को पारा और बढ़ेगा। यह 45 तक हो सकता है। इसके आगे कई दिनों तक मौसम खुला रहने और तेज धूप रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि अगले दो दिनों के बाद पारे में कुछ डिग्री कमी का पूर्वानुमान बताया गया है।
उधर, भीषण उमस और गर्मी के बीच मंडल मुख्यालय सहित ग्रामीणों क्षेत्रों और कस्बों में बिजली आपूर्ति दोनों बुरी तरह अस्त व्यस्त है। पसीने में लथपथ उपभोक्ता घरों में व्यवस्था को कोस रहे हैं। अधिकारी और जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे हैं। पानी का भी संकट है।