अतर्रा। लो-वोल्टेज की समस्या से आजिज राजनगर प्रहलाद सिंह पुरवा के बाशिंदों ने सोमवार को विद्युत विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया और बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम लगा दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सड़क पर डटे रहे। बाद में पुलिस ने कई को गिरफ्तार कर लिया।
अवधेश, सुरेंद्र कुमार, सुनील, नीरज साहू, सतीश साहू, संतोष, बलराम ने बताया कि लो-वोल्टेज की समस्या से नरैनी रोड, सीएचसी, न्यायालय कालोनी, सिविल लाइन, लोधू थोक, बजरंग नगर के लोग परेशान हैं। बिन बिजली गर्मी में लोग बीमार हो रहे हैं।
अधिकारियों से कई बार ट्रांसफार्मर बदलकर लो-वोल्टेज की समस्या दुरुस्त करने की मांग की गई, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। समस्या का निदान न होने पर उन्हें सड़क पर बैठना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कई बार आंदोलनकारियों से नोकझोंक भी हुई।
बाद में पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए बल प्रयोग करते हुए कई लोगों को हिरासत में ले लिया। लगभग एक घंटे बाद जाम खुल सका। विद्युत विभाग अधिशासी अभियंता राम सिंह ने बताया कि नगर में बिजली समस्या से निजात को कई प्रस्ताव विभाग को भेजे गए हैं। जल्द लो-वोल्टेज की समस्या दूर क
ी जाएगी। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह गौर ने बताया कि हाईवे जाम करने पर निर्भय साहू, अवधेश कुमार, सुरेंद्र कुमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उधर, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।