बांदा। शहर में जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद के आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित मोहल्ले बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। इनमें सर्वोदय नगर और शुक्ल कुआं क्षेत्र शामिल है। सोमवार को यहां के निवासी कलक्ट्रेट पहुंचे और समस्या के समाधान की मांग की। दो दिन में समाधान न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी भी दी है।
क्षेत्रीय निवासियों ने आरोप लगाया गया है कि कई महीनों से क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति बाधित है। इससे हजारों उपभोक्ताओं को पीने के पानी के लिए दूसरे इलाकों से पानी लाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से लिखित और मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
मोहल्लेवासियों ने जल संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मूलभूत सुविधा के अभाव में लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने स्थानीय अवर अभियंता समेत संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कर कार्रवाई की भी मांग की है।
ज्ञापन में नियमित जलापूर्ति बहाल करने, सर्वोदय नगर की स्थायी पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई पानी की टंकी का निर्माण कराने, लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने तथा अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करने की मांग की गई है।