हमीरपुर। रक्तदान से लेकर जरूरतमंदों के घर-घर राशन पहुंचाने आदि सामाजिक कार्यों में जुटे युवाओं का जज्बा कोरोना महामारी भी कम नहीं कर पाई। सामाजिक कार्यकर्ताओं के रूप में यह युवक इन दिनों संक्रमितों की मदद में जुटे हुए हैं। कौमी एकता रक्तदान फाउंडेशन के बैनर तले मेडिकल सामग्री बांट रहे हैं।
फाउंडेशन अध्यक्ष जिरगाम सिद्दीकी और उपाध्यक्ष इब्राहिम हाशमी ने बताया कि हाल ही में संक्रमित या लक्षणयुक्त बीमारों को 25 ऑक्सीमीटर, 15 नेबूलाइजर, 22 थर्मल स्क्रीनिंग, 100 फेस शील्ड और 200 मास्क तथा 80 ग्लब्स बांटे जा चुके हैं। इसके अलावा 180 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट दी गई है।
फाउंडेशन पदाधिकारियों ने बताया कि इंसानियत का यह अभियान आगे भी चलेगा। कौमी एकता रक्तदान फाउंडेशन खून की कमी से जूझ रहे गंभीर मरीजों को यहां जनपद के अलावा भी रक्त का महादान कर रहा है। बृहस्पतिवार को कानपुर के ट्रामा सेंटर में भर्ती यहां की एक गंभीर महिला मरीज को आपरेशन के लिए कानपुर जाकर फाउंडेशन सदस्य शाहिद सिद्दीकी ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।