बांदा। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में बुधवार को प्रिंटर खराब हो गया। इससे 150 से अधिक मरीजों की जांच अटक गई। रिपोर्ट न मिलने से मरीज और तीमारदारों ने हंगामा किया। सुरक्षा में लगे पूर्व सैनिकों ने लोगों को शांत कराया। अस्पताल प्रशासन ने दूसरा प्रिंटर मंगवाकर रिपोर्ट देने का दावा किया है।
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में बुधवार सुबह मरीज और तीमारदार रिपोर्ट लेने पहुंचे। देखते ही देखते लंबी लाइन लग गई। काफी देर इंतजार के बाद भी रिपोर्ट न मिलने पर लोगों नाराजगी जताई। काउंटर पर भीड़ बढ़ने और हंगामे की स्थिति बनने पर पूर्व सैनिकों ने व्यवस्था संभाली। कई तीमारदारों ने सीएमएस डॉ. किशुन कुमार से शिकायत की। उन्होंने दूसरा प्रिंटर मंगाने की बात कहकर लोगों को शांत कराया।
-
वर्जन
पैथोलॉजी का प्रिंटर खराब होने से मरीजों को असुविधा हुई। दूसरा प्रिंटर मंगाकर जांच रिपोर्ट दी गईं। कुछ देर के लिए मरीजों और तीमारदारों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
डॉ. किशुन कुमार, सीएमएस, जिला अस्पताल बांदा