अतर्रा। चित्रकूट में ट्रक और ऑटो की टक्कर में सात लोगों की मौत के बाद भी संभागीय परिवहन विभाग व पुलिस प्रशासन सबक नहीं ले रहा है। कस्बे से ऑटो व अन्य डग्गामार वाहनों में क्षमता से कई गुना ज्यादा सवारियां ले जा रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
कस्बे के बांदा रोड पर थाने से चंद कदम दूर पर स्थित बस स्टैंड से बुधवार को ओवरलोड सवारियां लेकर डग्गामार मैजिक गाड़ी बांदा की ओर निकल पड़ी। सात सवारियों की परमिट वाली मैजिक में 16 से 18 यात्री सवार थे। सवारियों की जान जोखिम में डालकर बाहर लटकाए देखा गया। पुलिस की निगाहें पड़ीं, पर अनदेखी कर दी। इसी प्रकार नगर के नरैनी रोड टेंपो स्टैंड, बिसंडा रोड तिराहे, ओरन रोड, बदौसा रोड के तिराहे पर भी अवैध स्टैंडों की भरमार है। इन पर स्थानीय प्रशासन कार्रवाई करने की बजाय मौन साधे है। उधर, एसडीएम रावेंद्र सिंह ने कहा कि परिवहन विभाग के साथ मिलकर संयुक्त रूप से ऐसे वाहनों के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।