फोटो - 12 गाजीपुर से खलारी गांव को जाने वाला मिट्टी युक्त मार्ग। संवाद
करतल। लगातार ओवरलोड वाहनों के संचालन से एक वर्ष पूर्व बनाई गई डामर सड़क उखड़ गई है। इससे करीब छह किलोमीटर मार्ग में धूल के गुबार उड़ते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग को दुरुस्त कराने और ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है।
नरैनी ब्लॉक के खलारी गांव से गाजीपुर की ओर जाने वाला मार्ग बदहाली का शिकार है। छह किमी लंबे इस मार्ग पर धूल के गुबार उड़ते हैं। स्थानीय बीडी पटेल, शिवकुमार, जगन्नाथ, बेटा, मैयादीन, शोभा आदि ने बताया कि इस मार्ग से बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। बताया कि बीते वित्तीय वर्ष में पीडब्ल्यूडी की ओर से मार्ग का निर्माण कराया गया था। कहा कि इस मार्ग पर दिनभर ओवरलोड वाहनों का संचालन होता है।
इससे सड़क की डामर व गिट्टी उखड़ चुकी है और पूरा मार्ग मिट्टी व धूल से भर गया है। बताया कि मार्ग खराब होने के बाद ठेकेदारों ने मिट्टी डलवा दी है। इससे और भी ज्यादा परेशानी होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इसकी शिकायत करते हुए मार्ग को दुरुस्त कराने और ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है।
वहीं, इस संबंध में पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के अवर अभियंता अंकित कुमार ने बताया कि मार्ग खराब होने की जानकारी मिली है। ठेकेदार, जिसने मार्ग का निर्माण कराया था उन्हें पत्र लिखकर मार्ग को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि इसके साथ ही शासन को भी इससे अवगत कराया गया है।