अदालत से जारी आदेशों की अनदेखी पर मौजूदा जिला खनिज अधिकारी कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं। अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए खनिज अधिकारी के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
जिला खनिज अधिकारी सुभाष सिंह ने ओवरलोडिंग आदि मामलों में ट्रकों के चालान व जुर्माने आदि की कार्रवाइयां की हैं। यह मामले अदालत पहुंच गए हैं। प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में विचाराधीन है।
न्यायालय ने पिछले कुछ दिनों में इस बारे में खनिज अधिकारी से आख्या तलब की। एक बार नहीं बल्कि कई बार अदालत से आख्या मांगें जाने संबंधी आदेश जारी किए गए, लेकिन खनिज अधिकारी ने आख्या नहीं पेश की।
प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नदीम अनवर ने खनिज अधिकारी को हाल ही में आदेश जारी कर शुक्रवार (11 सितंबर) को अदालत में आख्या पेश करने का अंतिम अवसर देते हुए अदालत में तलब किया था। लेकिन इस बार भी न आख्या आई, न खनिज अधिकारी पेश हुए। अदालत के आदेशों की लगातार अवहेलना पर प्रथम अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अनवर ने शुक्रवार को खनिज अधिकारी सुभाष सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज किए जाने के आदेश दिए हैं।