Order for investigation of absent nodal in ration distribution
- फोटो : BANDA
बांदा। राशन की सरकारी दुकानों में ई-पाश मशीनों से राशन वितरण के लिए नोडल अधिकारी के रूप में नामित किए गए ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी और लेखपालों द्वारा वितरण के समय उपस्थित न रहने पर डीएम अमित सिंह बंसल ने जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी एसडीएम व खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने स्तर से जांच कर आख्या प्रेषित करे।
गुरुवार को डीएम द्वारा जारी आदेश में कहा है कि उन्होंने 29 मार्च को आदेश जारी कर उपरोक्त कर्मचारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए अपने सामने राशन बंटवाने का निर्देश दिया था, लेकिन अधिकांश नोडल अधिकारी वितरण के समय उपस्थित नहीं हो रहे। राशन की दुकानों में अनियमितताएं और विवाद की शिकायतें आ रहीं हैं।
नोडल अधिकारियों की यह लापरवाही विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की परिधि में आती है। डीएम ने निर्देश दिया है कि खाद्यान्न वितरण पर्यवेक्षणीय ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियो को आंवटित दुकान पर वितरण निगरानी के लिए उपस्थिति सुनिश्चित करें। साथ ही जांच करके इसकी रिपोर्ट उन्हें प्रेषित करें। डीएम ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि वितरण में अनियमितता कर रहे विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई हो। लापरवाही तथा ड्यूटी नहीं करने वाले अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करना सुनिश्चित करें।
विधायक की टीम ने चार हजार लंच पैकेट बांटे
बांदा। भाजपा के सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी द्वारा लॉकडाउन से आर्थिक तंगहाली से जूझ रहे परिवारों को राशन और लंच पैकेट बांटने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों में लगभग 4 हजार लंच पैकेट बांटे। इन्हें मोदी लंच पैकेट का नाम दिया गया है। विधायक के प्रतिनिधि रजत सेठ और पुष्कर द्विवेदी ,अनिरुद्ध त्रिपाठी, राकेश गुप्ता दद्दू, स्वदेशी शिवहरे, संतोष राजपूत, अभिनव गुप्ता, लाला कुशवाहा, रामकृष्ण शुक्ल, मुन्नीलाल चौरसिया, विनोद सिंह भी शामिल रहे। ब्यूरो