बांदा। दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक बाइक में सवार तीन लोगों में से एक की मौत हो गई, दो अन्य घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के करतल गांव निवासी नरेश उर्फ मु़ंगी द्विवेदी (32) अपने बड़े भाई शिवरंजन द्विवेदी (35) व गांव के राकेश यादव (35) रविवार को किसी काम से पनहाई गांव गया था।
वहां से वह तीनों एक ही बाइक में वापस लौट रहे थे। बाइक नरेश चला रहा था। सलहाई व पहरिया गांव के बीच सामने से आए दूसरे बाइक सवार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
बाइक चालक नरेश के हेलमेट न लगाए होने पर उसके सिर में गंभीर चोटें आ गई। तीनों घायलों को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाया गया। वहां डॉक्टरों ने नरेश उर्फ मुंगी को मृत घोषित कर दिया। शिवरंजन व राकेश को भर्ती कराया गया है। नरेश के भाई मनोज ने बताया कि छह भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित था। पिता इंद्रपाल के नाम 21 बीघा जमीन है। वह खेती किसानी करता था। घर में मां रामकली है। नरैनी इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि बाइक हादसे में मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।