बांदा। बाइक से बांदा से कपड़े खरीदकर वापस गांव जा रहे बाइक सवार दो लोगों को पीछे से आए पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के इचौलिया गांव निवासी प्रेम लोध (20) जेसीबी चालक है। इन दिनों वह मटौंध थाना क्षेत्र के ग्योरा गांव में पड़ रही पाइप लाइन में जेसीबी चलाने का काम कर रहा था। मंगलवार को वह अपने हेल्पर नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव निवासी साहिल (16) के साथ बांदा में गरम कपड़े खरीदने आया था।
यहां से वह दोपहर तीन बजे करीब वापस ग्योरा गांव जा रहे थे। भूरागढ़ पुलिस चौकी के पास बाईपास पर पीछे से आए पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे प्रेम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साहिल गंभीर घायल हो गया। प्रेम बाइक चला रहा था। वह हेलमेट नहीं लगाए था। भूरागढ़ चौकी इंचार्ज आनंद कुमार ने बताया कि पिकअप चालक भाग निकला है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।