बांदा। जिले के 18 थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल में अतर्रा और नरैनी कोतवाली में एक-एक कैमरा बंद मिला। शेष सभी थानों में कैमरे चालू मिले।
पुलिस विभाग ने खराब कैमरों की मरम्मत कराने की बात कही है। इसके लिए जीडी में ब्योरा (तस्करा) भी चढ़ा है। थानों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग अभी 90 दिन तक सुरक्षित रहती है। इसकी क्षमता बढ़ाते हुए अब एक साल करने की तैयारी की जा रही है।
शहर कोतवाली में पांच कैमरे लगे हुए हैं। इसमें एक कैमरा कोतवाली की गैलरी में है जो आने वाले व्यक्ति को देखता है। दूसरा कैमरा कार्यालय के अंदर की गतिविधियों को देखता है। तीसरा कैमरा कोतवाली परिसर पर नजर रखता है। चौथा कैमरा लॉकअप व मालखाने को फोकस करता है और पांचवां कैमरा प्रभारी निरीक्षक कक्ष के बाहर व यहीं पर बैठने वाले अन्य अधिकारियों के लिए रखा गया है।
प्रभारी निरीक्षक अपराध विपिन कुमार ने बताया कि पांच कैमरे हैं और सभी सक्रिय हैं। विभाग की ओर से पांच कैमरे हर समय सक्रिय रखने को कहा गया है। कैमरों में ऑडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था है। फिलहाल अतर्रा और नरैनी कोतवाली में एक-एक कैमरे के बंद है। जिनका कारण तकनीकी बताया गया और उनकी मरम्मत का प्रयास जारी है।
-
प्रत्येक सप्ताह पुलिस अधीक्षक को दी जाती रिपोर्ट
पुलिस अधीक्षक सीसीटीवी व्यवस्था के नोडल अधिकारी हैं। उन्होंने अपने स्तर से सहायक रेडियो अधिकारी (एआरओ) को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है। एआरओ थानों से संपर्क कर कैमरों की स्थिति की जांच करते हैं। प्रत्येक सप्ताह एसपी को रिपोर्ट भेजी जाती है। कैमरे खराब हैं तो सूचना विभाग को देकर ठीक कराने की प्रक्रिया शुरू होती है। नरैनी में बंद मिला कैमरा करीब एक सप्ताह से खराब बताया गया है।
एक साल तक मिलेगा फुटेज
फिलहाल थानों में रिकॉर्डिंग 90 दिन तक सुरक्षित रहती है। पुलिस विभाग अब अतिरिक्त मेमोरी कार्ड लगाकर रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की अवधि एक साल करने की तैयारी में है। इसके लिए कैमरों की मेमोरी क्षमता बढ़ाई जानी है। नई व्यवस्था लागू होने पर किसी घटना की जांच के लिए लंबे समय का फुटेज उपलब्ध हो सकेगा।
नरैनी, अतर्रा, तिंदवारी, बांदा शहर व पैलानी में लगे पांच-पांच कैमरे
बांदा। नरैनी कोतवाली में पांच कैमरे हैं। इनमें चार चालू हैं जबकि एक कैमरा एक सप्ताह से खराब पड़ा है। प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह ने बताया कि टेक्नीशियन को बुलाया गया है।
अतर्रा कोतवाली परिसर में पांच कैमरे हैं। प्रभारी निरीक्षक राकेश तिवारी के बताया कि कैमरों के संचालन की जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल संजय वर्मा के पास है। उन्होंने सभी कैमरे संचालित होने का दावा किया लेकिन जिले स्तर पर हुई पड़ताल में एक कैमरा बंद मिला। तिंदवारी थाने में पांचों कैमरे चालू हैं।
बांदा-फतेहपुर राजमार्ग पर बबेरू तिराहे के पास भी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा लगाया है। पैलानी थाने में पांचों कैमरे सक्रिय हैं और सभी में रिकॉर्डिंग हो रही है। थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि कैमरे नियमित रूप से काम कर रहे हैं। (संवाद)
वर्जन
प्रत्येक सप्ताह थानों में लगे कैमरों की रिपोर्ट तलब की जाती है। वर्तमान में अतर्रा और नरैनी कोतवाली में एक-एक कैमरे खराब बताए गए हैं। भविष्य में कैमरों की मेमोरी को बढ़ाकर एक साल तक की रिकॉर्डिंग रखने की कवायद की जा रही है। वर्तमान में 90 दिन की रिकॉर्डिंग उपलब्ध है।-पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक, बांदा।
फोटो 10- कोतवाली नगर की गैलरी में लगा सीसीटीवी कैमरा। संवाद