बांदा। कलक्ट्रेट में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक हुुई। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी एसडीएम व संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिमाह पांच विद्यालयों का निरीक्षण कर आख्या दें।
अधिकारी निरीक्षण के दौरान पठन-पाठन की गुणवत्ता, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय में पानी की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं सहित विकास सम्बन्धी कार्यों को देखेंगे। आपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत शहर व गांवों के विद्यालयों में शौचालयों टायलीकरण के कार्य जल्द पूरा किया जाए। जहां चहार दीवारी नहीं है वहां पर बनवाया जाए। खनिज निधि के सीएसआर फण्ड से स्कूलों में फर्नीचर की व्यवस्था कराई जाए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के नामांकन, शिक्षा की गुणवत्ता एवं गुणवत्ता युक्त भोजन आदि की समीक्षा की। महुआ में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लाक व हास्टल के निर्माण कार्य को तेज गति एवं गुणवत्ता के साथ कराए जाने के कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए। विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों का चिह्नीकरण एवं उनको आवश्यक उपकरण दिलाए जाने के निर्देश दिए। आउट आफ स्कूल सर्वे के अन्तर्गत बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराया जाए।
सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, एडीएम नमामि गंगे एम पी सिंह, सीएमओ अनिल श्रीवास्तव, बीएसए प्रिन्सी मौर्य आदि मौजूद रहे।