बांदा। ई-रिक्शा से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जा रही छात्रा को रास्ते से कार सवारों ने जबरन उतार लिया।
कार से कुछ दूरी तक ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकत की। बाद में उसे उतारकर भाग निकले। छात्रा की तहरीर पर दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़ित छात्रा ने तहरीर में बताया कि वह दो सहेलियों के साथ 18 सितंबर को सुबह करीब सात बजे ई-रिक्शा से इंटर कॉलेज जा रही थी। ओरन-कमासिन मार्ग पर गांव साड़ासानी के पुल पर कार सवारों ने ई-रिक्शा रुकवाकर उसे जबरन उतार लिया और कार में बैठाकर ले गए।
आरोपियों ने कार में उसके साथ अश्लील हरकतें की। छात्रा के विरोध करने पर वह उसे कुछ दूरी के बाद उतारकर भाग निकले। पुलिस ने गांव के लक्ष्मीकांत उर्फ पेड़ा व खुशहाल के खिलाफ अपहरण कर अश्लील हरकत करने व पॉक्सो एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर संतोष कुमार ओझा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।